लगता है कोरोना अब जाने लगा है

 लगता है कोरोना अब जाने लगा है


बेचैनी सी हर तरफ छाने लगी है 

बंदिशें अब यंत्रणा लगने लगी है 

बादल निराशा के गहराने लगे हैं 

सड़कों पर वाहन फिर बजबजाने लगे हैं 

घर का भोजन बेस्वादु अब लगने लगा है 

लगता है कोरोना अब जाने लगा है। 


बड़े दिनों के बाद नज़ारे बदलने लगे हैं 

बत्तियों पर कतारें पुनः दिखने लगी हैं 

पटरियों पर रेहड़ियाँ उगने लगी हैं 

गुटकों की पिचकारियाँ बिखरने लगी हैं 

स्वच्छता का मान-मर्दन आम होने लगा है 

लगता है कोरोना अब जाने लगा है।


बीमारी के आँकड़े उलझाने लगे हैं 

नुस्खे नये-पुराने कई आजमाने लगे हैं 

अनावश्यक जुटाई दवाइयाँ पुरानी पड़ने लगी हैं 

मोबाइल की बैटरियाँ चुकने लगी हैं 

मास्क फिसलकर गर्दन पर अटकने लगा है 

लगता है कोरोना अब जाने लगा है।


मंदिरों के दरवाजे भी खुलने लगे हैं 

डरे-सहमे भक्त दर्शन को जुटने लगे हैं 

पुलिस के तेवर पुराने दिखने लगे हैं 

बाइक वाले को बगल में बुलाने लगे हैं 

कमाई का दिन पुराना लौटने लगा है 

लगता है कोरोना अब जाने लगा है।


बच्चों की शरारतें डराने लगी हैं 

मायें अब बच्चों पर चिल्लाने लगी हैं 

धीरज बाप का भी चुकने लगा है 

छूटे काम के भय से थरथराने लगा है 

महँगाई का डर फिर से सताने लगा है 

लगता है कोरोना अब जाने लगा है।


पलायन - दोहे

दिनांक : 16 मई 2020 / शनिवार
⭐ दोहे ⭐

जग बीती में है निहित, निज दुख का भी मूल।
समझ मनुज इस सत्य को, वरना होगी  भूल।।

बैठ रहे हम  आस  में,  धरे  हाथ  पर हाथ।
कहो भला कैसे मिले, लिखा विधाता माथ।।

श्वान गली में भौंकता,  ढूँढ  रहा  आहार।
मगर उसे मिलता नहीं, हड्डी का उपहार।।

लौट चले जो लोग हैं,  साथ  लिए परिवार।
सफर कोस का है नहीं, जाना मील हजार।।

एक साइकिल के  लिए,  बेचे  बुधुआ चेन।
हर पैडल पर सोचता, किसकी है यह देन।।

हाथ झटक मालिक गया,  देने  को न पगार।
लौट चले फिर गाँव को, श्रमिक कई लाचार।।

पैरों  में  छाले   पड़े,  मगर  नहीं  परवाह।
कोरोना के बस नहीं, ले हिम्मत की थाह।।

पैदल उसको  देखकर,  रखना  बरबस  याद।
डाल रहा था कल वही, भविष्य की बुनियाद।।


कष्ट हरो करतार

चित्राधारित रचना

सरसी छंद


हम अबोध हैं  सुनो  हमारी, आज यही अरदास।

कोई न अपना इस जगत में, तुम ही आओ पास ।।


भूल-चूक सब माफ करो तुम, कृपा-सिंधु भगवान ।

हरो विधाता कष्ट सभी अब, लिया बहुत बलिदान ।।


हम अबोध जाने क्या किसके, हाथों हुआ गुनाह ।

हाथ जोड़ प्रभु के सम्मुख हम, रो-रो भरते आह ।।


सही-गलत को तुम ही जानो, हम बालक अंजान।

मात-पिता के बिना जगत यह, कष्टों की है खान ॥


दया करो हे महा-प्रभो अब, दे दो तुम वरदान।

अश्रु-जल से हम करते तर्पण, तुमको दया-निधान॥


हे सर्वज्ञानी, सर्वव्यापी, जीवन के आधार।

बीच भँवर में भटक रही है, कर दो नैया पार॥


पितु-मातु को लिया शरण में, बालक करे पुकार।

बतलाओ अब तुम ही प्रभुजी, क्यों है कष्ट अपार॥

इस रिश्ते का क्या नाम दूँ

तुम ही बतला दो मुझे, इस रिश्ते का क्या नाम दूँ
सुबह निछावर हो जिसपर, उसको ही हर शाम दूँ

जीवन पथ पर अगणित मिलते, मिलकर मुस्काते हैं
पड़े जरूरत पालक झपकते, गुम जो हो जाते हैं
क्षणभंगुर से बीते पल को, कह कैसे अभिराम दूँ

सम्मुख हों तो कब मिलता है, बोलो सम्मान यहाँ
रहकर दूर भी कब होता है, कहो सुनसान यहाँ
सतत भटकते इस दिल को, कैसे मैं आराम दूँ

सस्ता, सुंदर और टिकाऊ, जो ढूंढते हैं अक्सर
रख देते वे अरमान को, गहनों से खूब सजाकर
उनके जख्मों का कह दो, अब मैं क्या ईनाम दूँ 

कोरोना - मेड-इन-चाइना

आई अजब बीमारी, मेड-इन-चाइना, कोरोना-ओ- कोरोना
मैं तो घर में बंद हूँ, तुम भी बंद रहो ना 
बड़ी भयावह जंग है, मिलकर सभी लड़ो ना 

सबके हित की बात यही है, मानो मोदी का कहना 
चाहे कुछ भी जो जाये, बाहर घर से कदम न रखना 
अगर जरूरत पड़ ही जाये, बस टेलीफोन करो ना 

आज भले ही दवा नहीं है, लेकिन कल आएगा 
कोरोना का यह कहर देश से, निश्चित डर के भागेगा 
समस्त विश्व में फ़ैल रही, नॉवल वायरस कोरोना 

दम साधे रहना मेरे भाई, चंद दिनों की बात है 
रोकथाम आसान बहुत है, बस रहना घर दिन-रात है 

साफ़ करो सब हाथ ठीक से, रहकर दूर भगाओ ना

ग़ज़ल - कहाँ से चले थे कहाँ आ गए हैं

कहाँ से चले थे कहाँ आ गए हैं
जमाने में देखो ग़ज़ब ढा गए हैं

सताया करें जो सदा ही किसी को
कहर बन के उनपर तभी छ गए हैं

कहा था किसी ने दिखाओ जरा दम
लुटाकर दिलो जान शरमा गए हैं

निगाहें चुरा के अदा जो दिखाते
सभी को पता है किसे भा गए हैं

कहाँ की कहो बात अब हो रही है
सुना है बदल फिर से पाला गए हैं

न थकते कभी थे मुझे देखकर जो
वही आज करके बहाना गए हैं

शिकायत न करना किसी से कभी भी 
सुनी'ल आज का सच बतला गए हैं

नवरात्रि व नवसंवत्सर

नव-संवत यह साल नया है, अम्बर का नव चोला है
रंग में रंगकर भक्ती के, माता-माता बोला है  

बदला-बदला जग सारा है, माँ को तभी पुकारा है
बोलो अम्बे पूछ रहा मन, क्योंकर किया किनारा है 
बार-बार मन भटक रहा है, देखो कितना भोला है 
नव-संवत यह साल नया है, अम्बर का नव चोला है

शुद्ध करो मन कष्ट मिटे सब, जग ने तुझे पुकारा है 
चंचल मन यह उड़ते-उड़ते, अब तो थककर हारा है   
किस दर को मैं जाऊँ अब तो, रहने को घर बोला है 
नव-संवत यह साल नया है, अम्बर का नव चोला है

चूक कहाँ पर हुई जगत से, अब तो कोई यह बोले 
भेद तिमिर के एक-एककर, उलट-पलट सब  खोले 
समझ न इसको राख बुझी तुम, आग भरा इक गोला है 
नव-संवत यह साल नया है, अम्बर का नव चोला है

Today is the new Vikrami samvat, the universe seems new
Dipped in to the colour of devotion everyone is singing O’Mother

The world seems to be changed that’s why everyone is calling
O’ Godess Durga, mind is asking why you have abandoned me?

I lose concentration every now and then as am innocent
Today is the new Vikrami samvat, the universe seems new
Purify my mind and take away all the sufferings, the world is urging
Destabilised mind has tired of flying and flying
Which door now I should knock, have been asked to stay at home
Today is the new Vikrami samvat, the universe seems new
Someone should tell now where the world has erred
Completely reveal the mystery of darkness one by one
Don’t treat it as ash, it is a canon filled with fire
Today is the new Vikrami samvat, the universe seems new

Let's Fight United Against Corona

आओ मिलकर लड़ें कोरोना से जंग
--------------------------------------------

आँखों से दिखता नहीं,  पर है कठिन प्रहार।
आज हिलाकर रख दिया, सकल विश्व व्यापार।।

किसको इसका दोष दूँ, किसका कहूँ गुनाह।
बिगड़ रहे हालात हैं, सुन-सुनकर अफवाह।।

डर के मारे छुप गए, घुटकर भरते आह।
बंद  घरों  से  झाँकते, जीने  की है  चाह।।

कोरोना  के  नाम  से,  सांसत  में  है जान।
पल-पल आती है निकट, जालिम बेईमान।।

बंद पड़ा  बाजार   है,  धंधे  सारे  मंद।
उलटे-सीधे रच रहे, घर के अंदर छंद।।

मंदिर, मस्जिद ठप हुए, बंद पड़े बाजार ।
कहना मानो आप भी, ठहरो घर पर यार।।

जाना जो बाहर पड़े, मास्क रखो  तब साथ।
लेकर साबुन ठीक से, साफ करो फिर हाथ ।।

हो चुका है खेल बहुत, हो जाओ तैयार।
कोरोना का अब नहीं, होने दो विस्तार।।

आगामी बाईस को,  रहिये  घर में बंद।
कोरोना को रोकिये, तोड़ें इसका फंद।।

बाहर बस तब आइये, पाँच बजे जब शाम।
शुकराना तब  गाइये,  सेवक  सबके  नाम।।

नर्स चिकित्सक को समझ, असली हीरो आज।
ताली  देकर  अब  करे,  उनका  नमन  समाज।।

सूझ-बूझ की बात है, मानो कहना आप।
हलके में लेना  नहीं,  होगा यह तो  पाप।।

सर्दी, खाँसी  संग  में, आये यदि बुखार।
साँसों में अवरोध हो, पड़े जांच दरकार।।

डरने की  है बात  पर, रहो  धैर्य  के  साथ।
बचना इससे आप है, सबकुछ अपने हाथ।।

देखे   दुनिया   फिर  हमें,  रह  जायें  सब  दंग।
मिलकर सब जन साथ में, आज लड़ें यह जंग।।

Holi ke avsar par

कहासुनी सब माफ़ करो तुम, खुशियों का त्यौहार होली है।
कृष्ण-कन्हैया बनकर नाचो, राधाजी का प्यार होली है।

भेदभाव सब दूर करो अब, आओ बैठें तजकर राग
रखना अब न कोई मलाल, हँसी-ख़ुशी सब खेलें फाग
कौन किधर से डाल रहा है, रंगों की बौछार होली है।

ढम-ढम, ढम-ढम बाजे ढोलक, नाच रहे बन कृष्ण मुरार
बाल-वृद्ध सब झूम रहे हैं, घूम रहे हैं गांँव-जवार
भर पिचकारी रंग दो सारे, अनुपम यह श्रृंगार होली है।

गोपी बनकर रधिया नाचे, ढूंढे नयन राधा सरकार
आज युवा सब श्याम रंग में, बनकर कृष्ण करें जयकार
आमोद-प्रमोद में मस्त हुए जन, सुख-दुःख का यह सार होली है।

Forgive everything, Holi is the festival of happiness.
Dance as Krishna-Kanhaiya, Radha's love is Holi.

Eliminate all the discrimination now, let's sit keepin away the rage,
no longer play any malaise, play faag together with joy and happiness,
Who is pouring from which side, Holi is a shower of colors.

Dham-Dham, Dham-Dham dholak is played, Dancing like Krishna
Child-aged are all jiggling, roaming around the village
Colour all with filled pickari (pump), Holi has unmatched beauty.

Radhiya dances as Gopi, eyes searching for Radha,
Young people in all black, do Krishna by cheering happily
People are engulfed with joy, Holi is the essence happiness and sorrow.


HOLI

होलिका दहन

होलिका  जलाएं आज सभी जन, आओ मनाएं होली हो ------
भूख बीमारी दूर भगाएं, जमकर खेलें होली हो -----


कौन पेड़ से काठी आया, कौन गाय का घी हो -----
कहाँ से जाके कंडे लाये, किस दुकान कर्पूर हो -----
आम गाछ का लकड़ी लाये, काली गाय का घी हो -----
दूर गाँव से कंडे लाये, बनियाँ दिया कर्पूर हो -----


कौन उठेगा निखर आग से, कौन जलेगा आज हो -----
जिसपर हरी का हाथ रहेगा, वही जियेगा आज हो ------
भक्त प्रह्ललाद अमर रहेगा, प्रभु की मर्जी आज हो ----
धू-धूकर होलिका जलेगी, जला रहा है पाप हो -----


ग़ज़ल : राज़ अपना सुना रहा हूँ मैं

ग़ज़ल : राज़ अपना सुना रहा हूँ मैं


राज  अपना   सुना   रहा  हूँ  मैं।
मौज   में   गुनगुना   रहा   हूँ  मैं।।

रूठकर   जो   चले  गये  मुझसे-
फिर से उनको  बुला  रहा  हूँ  मैं।

मुतमईन लग रहा अभी तक जो-
ग़म जहाँ  के  भुला  रहा  हूँ  मैं।

एक  है  वह  कोई  सितारा  सा-
जाग  उसको  सुला  रहा  हूँ  मैं।

ले   गये   हैं   उसे  चुरा  जबसे-
रोज   गंगा   नहा   रहा   हूँ  मैं।

झोपड़ी  रास  आ  गई  मुझको-
इक महल सा सजा  रहा  हूँ  मैं।

आज सबसे 'सुनील' कह आया-
नाज   उनके   उठा   रहा  हूँ  मैं।



इस रचना की वीडियो प्रस्तुति के लिए यहाँ क्लिक करें

लगता है कोरोना अब जाने लगा है

  लगता है कोरोना अब जाने लगा है बेचैनी सी हर तरफ छाने लगी है  बंदिशें अब यंत्रणा लगने लगी है  बादल निराशा के गहराने लगे हैं  सड़कों पर वाहन फ...