लगता है कोरोना अब जाने लगा है

 लगता है कोरोना अब जाने लगा है


बेचैनी सी हर तरफ छाने लगी है 

बंदिशें अब यंत्रणा लगने लगी है 

बादल निराशा के गहराने लगे हैं 

सड़कों पर वाहन फिर बजबजाने लगे हैं 

घर का भोजन बेस्वादु अब लगने लगा है 

लगता है कोरोना अब जाने लगा है। 


बड़े दिनों के बाद नज़ारे बदलने लगे हैं 

बत्तियों पर कतारें पुनः दिखने लगी हैं 

पटरियों पर रेहड़ियाँ उगने लगी हैं 

गुटकों की पिचकारियाँ बिखरने लगी हैं 

स्वच्छता का मान-मर्दन आम होने लगा है 

लगता है कोरोना अब जाने लगा है।


बीमारी के आँकड़े उलझाने लगे हैं 

नुस्खे नये-पुराने कई आजमाने लगे हैं 

अनावश्यक जुटाई दवाइयाँ पुरानी पड़ने लगी हैं 

मोबाइल की बैटरियाँ चुकने लगी हैं 

मास्क फिसलकर गर्दन पर अटकने लगा है 

लगता है कोरोना अब जाने लगा है।


मंदिरों के दरवाजे भी खुलने लगे हैं 

डरे-सहमे भक्त दर्शन को जुटने लगे हैं 

पुलिस के तेवर पुराने दिखने लगे हैं 

बाइक वाले को बगल में बुलाने लगे हैं 

कमाई का दिन पुराना लौटने लगा है 

लगता है कोरोना अब जाने लगा है।


बच्चों की शरारतें डराने लगी हैं 

मायें अब बच्चों पर चिल्लाने लगी हैं 

धीरज बाप का भी चुकने लगा है 

छूटे काम के भय से थरथराने लगा है 

महँगाई का डर फिर से सताने लगा है 

लगता है कोरोना अब जाने लगा है।


लगता है कोरोना अब जाने लगा है

  लगता है कोरोना अब जाने लगा है बेचैनी सी हर तरफ छाने लगी है  बंदिशें अब यंत्रणा लगने लगी है  बादल निराशा के गहराने लगे हैं  सड़कों पर वाहन फ...